कोरोना विस्फोट, लगातार दूसरे दिन 75 हजार से अधिक नए मरीज, कर्नाटक में टूटा मौत का रिकार्ड
सुमन कुमार
देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में भारी उछाल आना जारी है। पिछले दो दिन से लगातार 75 हजार से अधिक मरीज देश में आ रहे हैं। यही नहीं लगातार दो दिनों से मृतकों का आंकड़ा भी एक हजार से अधिक रह रहा है। यही नहीं एक्टिव मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है जिसके कारण देश में एक्टिव मरीजों की संख्या साढ़े सात लाख के करीब पहुंच चुकी है। कर्नाटक में एक 24 घंटे में 141 लोगों की कोरोना से मौत हुई है जो राज्य में एक दिन की सर्वाधिक मौत है।
आंकड़ों की बात करें तो देश में गुरुवार को 77266 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र में डरावनी तस्वीर बनी हुई है। गुरुवार को यहां लगातार दूसरे दिन 15 हजार के करीब नए मरीज सामने आए हैं। राज्य में एक दिन में 14857 नए मरीज सामने आए हैं। गुरुवार को देश की राजधानी दिल्ली में नए मरीजों की संख्या 1840 रही है। कुल नए मरीज का 92 प्रतिशत से अधिक हिस्सा देश के 17 राज्यों में सिमटा हुआ है। आंध्र प्रदेश में 10621, कर्नाटक में 9386, तमिलनाडु में 5981, यूपी में 5391, ओडिशा में 3384, बंगाल में 2997, तेलंगाना में 2932, केरल में 2406, बिहार में 2066, असम में 2036, पंजाब में 1746, राजस्थान में 1345, मध्य प्रदेश में 1317, हरियाणा में 1293 और गुजरात में 1185 नए मरीज सामने आए हैं।
देश में क्या है मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार की देर रात तक भारत में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव पीड़ितों की संख्या 7,42,023 पहुंच गई है जो कि एक दिन पहले के मुकाबले 16032 अधिक है। दूसरी ओर ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 26 लाख के पास पहुंच गया है। देश में 25,83,948 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। देश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 76 प्रतिशत (76.28) के पास पहुंच गया है जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 22 प्रतिशत के करीब (21.90) है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस संक्रमण से पूरे देश में 61529 लोगों की मौत हो चुकी है यानी कुल मरीजों में 1.82 प्रतिशत को बचाया नहीं जा सका है। इनमें से करीब 70 प्रतिशत ऐसे हैं जिनकी मौत कोरोना के साथ-साथ किसी और बीमारी, जैसे की डायबिटीज, किडनी, लिवर आदि की वजह से हुई है। जहां तक देश में कुल कोरोना संक्रमित हुए लोगों का सवाल है तो देश में 3387500 कुल संक्रमित अब तक सामने आए हैं।
आंकड़ों में देखें पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में कोरोना के 77266 नए मामले सामने आए हैं और 1057 लोगों की जान गई है। इसी अवधि में 60177 पुराने मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में बुधवार की रात तक 75760 नए मरीज आए थे।
देश में कितने टेस्ट
देश में कोरोना के टेस्ट की संख्या गुरुवार को पिछले दिन के मुकाबले करीब 23 हजार घट गई। शुक्रवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश में 24 घंटे में 9 लाख 1 हजार 338 टेस्ट हुए हैं जबकि देश में कुल टेस्ट की संख्या तीन करोड़ 94 लाख 77 हजार 848 पर पहुंच गयी है।
दुनिया के मुकाबले क्यों बेहतर स्थिति में है भारत?
शुक्रवार की रात तक पूरी दुनिया में कोरोना के दो करोड़ 47 लाख 89 हजार 870 मरीज हो गए हैं। पूरी दुनिया में एक करोड़ 72 लाख 1 हजार 727 मरीज ठीक हो चुके हैं और 8 लाख 38 हजार 490 लोग कोरोना के कारण मौत के आगोश में जा चुके हैं। अगर हम पूरी दुनिया के कुल मरीजों में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या देखें तो ये 69.4 प्रतिशत है। भारत में ये आंकड़ा 76 प्रतिशत से अधिक है, यानी भारत में ठीक होने वाले मरीजों की दर दुनिया के औसत से करीब 7 प्रतिशत बेहतर है। इसी प्रकार कुल मरीजों में से मृतकों का आंकड़ा 3.38 प्रतिशत है और भारत में ये औसत 1.9 प्रतिशत से नीचे है। यानी इस मामले में भी भारत की स्थिति पूरी दुनिया से बहुत बेहतर है।
पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर
किस राज्य में कितनी मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर शुक्रवार को अपडेट किए गए डाटा के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1057 मौतें हुई हैं। कुल मौतों में से करीब 77 प्रतिशत मौतें सिर्फ 6 राज्यों में हुई हैं। कर्नाटक में एक दिन में अब तक की सर्वाधिक मौतें हुई हैं। महाराष्ट्र में 355, कर्नाटक में 141, तमिलनाडु में 109, आंध्र प्रदेश में 92, यूपी में 68 और बंगाल में 53 मौतें हुई हैं। शेष करीब 23 प्रतिशत मौतें देश के 22 राज्यों में हुई हैं। इनमें से पंजाब में 37, मध्य प्रदेश में 24, दिल्ली में 22, गुजरात में 17, छत्तीसगढ़ में 14, जम्मू कश्मीर में 14, राजस्थान में 13, हरियाणा में 12, तेलंगाना में 11, झारखंड में 11, केरल में 10, पुडुचेरी में 10, उत्तराखंड में 9, बिहार में 8, ओडिशा में 7, गोवा में 6, असम में 4, त्रिपुरा में 4, चंडीगढ़ में 2, लद्दाख में 2, अंडमान एवं निकोबार में 1 और हिमाचल प्रदेश में 1 मौतें हुई हैं।
इसे भी पढ़ें-
कोरोना वैक्सीन को लेकर एम्स डायरेक्टर ने दी बड़ी जानकारी
Comments (0)
Facebook Comments (0)